घूसखोर पंडत फिल्म पर क्यों बरपा हंगामा? 3 फरवरी को क्या हुआ, शुरू से लेकर अब तक…पूरी डिटेल

Ghooskhor Pandat film vivad, Ghooskhor Pandat release date, Ghooskhor Pandat Film Controversy, Ghooskhor Pandat manoj bajpayee, brahman samaj protest Ghooskhor Pandat, unfiltered uttarakhand

देहरादून. नेटफ्लिक्स की अपकमिंग फिल्म घूसखोर पंडत (Ghooskhor Pandat Film Controversy) पर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है. फिल्म में अभिनेता मनोज बाजपेयी लीड रोल में हैं. वह एक भ्रष्ट पुलिसवाले का किरदार (अजय दीक्षित) निभा रहे हैं. वह जाति से ब्राह्मण है. फिल्म के डायरेक्टर रितेश शाह हैं. वहीं नीरज पांडे ने इसे प्रोड्यूस किया है. नेटफ्लिक्स ने तीन फरवरी को इस फिल्म का टीजर रिलीज किया, जिसके बाद सारा विवाद शुरू हो गया. ब्राह्मण समाज ने फिल्म के नाम घूसखोर पंडत और डायलॉग पर ऐतराज जताया. विरोध की चिंगारी धीरे-धीरे फैलने लगी और कई राज्यों में प्रदर्शन शुरू हो गए. भारी विरोध के बाद मेकर्स ने माफी मांग ली, यूट्यूब से टीजर हटा लिया लेकिन विरोध बदस्तूर जारी है.

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के हजरतगंज पुलिस स्टेशन में फिल्ममेकर्स के खिलाफ केस दर्ज किया गया है. बताया जा रहा है कि CM योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर यह शिकायत दर्ज हुई है. वहीं NHRC ने एक शिकायत के बाद सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय को नोटिस जारी किया है. आरोप है कि घूसखोर पंडत फिल्म में धार्मिक और जातिगत भावनाओं को ठेस पहुंचाने की कोशिश की गई है. लखनऊ पुलिस ने कहा कि समुदाय की भावना को आहत करने और शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. लखनऊ पुलिस ने इस संबंध में प्रेस नोट भी जारी किया है.

फिल्म के विरोध में बसपा सुप्रीमो मायावती
वहीं फिल्ममेकर्स के खिलाफ FIR दर्ज होने के बाद बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती का भी बयान आया है. उन्होंने एक्स पर लिखा, ‘यह बड़े दुख व चिंता की बात है कि पिछले कुछ समय से अकेले यूपी में ही नहीं बल्कि अब तो फिल्मों में भी ‘पंडत’ को घूसखोर आदि बताकर पूरे देश में जो इनका अपमान व अनादर किया जा रहा है तथा जिससे समूचे ब्राह्मण समाज में इस समय जबरदस्त रोष व्याप्त है. इसकी हमारी पार्टी भी कड़े शब्दों में निंदा करती है. ऐसी इस जातिसूचक फिल्म (वेब सीरीज) ‘घूसखोर पंडत’ पर केंद्र सरकार को तुरंत प्रतिबंध लगाना चाहिए. बीएसपी की यह मांग है. साथ ही, इसको लेकर लखनऊ पुलिस द्वारा प्राथमिकी दर्ज करना उचित कदम है.’

मध्य प्रदेश में भी फिल्म के खिलाफ प्रदर्शन
यूपी के साथ-साथ मध्य प्रदेश में भी ब्राह्मण समाज ने फिल्ममेकर्स के खिलाफ हल्ला बोला है. राजधानी भोपाल और उज्जैन में जमकर विरोध हो रहा है. शुक्रवार को भोपाल के एमपी नगर जोन 1 में समाज ने प्रदर्शन किया. उन्होंने फिल्म के लीड एक्टर मनोज बाजपेयी और मेकर्स के खिलाफ नारेबाजी की और उनके खिलाफ केस दर्ज करने की मांग की. उनकी मांग है कि फिल्म के टाइटल और इसके कंटेंट में भी बदलाव होना चाहिए. अगर बिना किसी बदलाव के फिल्म रिलीज होगी, तो ब्राह्मण समाज सड़कों पर उतर विरोध करेगा. समाज ने कहा कि वे पूरे बॉलीवुड को चेतावनी दे रहे हैं कि ब्राह्मणों के खिलाफ फिल्में बनाना बंद कर दें. पैसों के लालच में ब्राह्मणों को बदनाम किया जा रहा है.

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement