Nainital News: नाटक, लोकनृत्य और फैशन शो से सजा लॉन्गव्यू पब्लिक स्कूल का वार्षिकोत्सव, मेधावी छात्र हुए सम्मानित

नैनीताल. उत्तराखंड के नैनीताल स्थित लॉन्गव्यू पब्लिक स्कूल में 15 अक्टूबर 2026 को विद्यालय का वार्षिकोत्सव धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, नाटकों, लोकनृत्यों और फैशन शो के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तराखंड सरकार के पूर्व मुख्य सचिव एवं मुख्य अतिथि श्री इंदू कुमार पाण्डे ने किया।

वार्षिकोत्सव की शुरुआत विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत विभिन्न गीतों से हुई। इसके बाद प्रसिद्ध व्यंग्यकार हरिशंकर परसाई की कहानी पर आधारित नाटक ‘मातादीन चाँद पर’ का मंचन किया गया। नाटक ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। वहीं, माइम प्रस्तुति के माध्यम से एक पिता के त्याग और समर्पण को भावपूर्ण अंदाज में दर्शाया गया।

लोकनृत्य और फैशन शो में दिखी देश की विविधता

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न राज्यों के लोकनृत्य प्रस्तुत कर भारतीय संस्कृति की विविधता को मंच पर जीवंत कर दिया। फैशन शो के माध्यम से देश की अलग-अलग जनजातियों की पारंपरिक वेशभूषा प्रदर्शित की गई। इसके अलावा स्कूल बैंड, ‘इंडिया प्राइड अलाइव’, ‘फेस ऑफ’, ‘डांस (ईस्ट मीट्स वेस्ट)’ जैसी प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को आकर्षक बनाया। प्री-प्राइमरी के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने ‘द इनविजिबल थ्रेड’ नाटक का मनमोहक मंचन कर दर्शकों की खूब सराहना बटोरी। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों में मनोरंजन के साथ सामाजिक संदेश भी देखने को मिले।

मेधावी विद्यार्थियों को किया गया सम्मानित

कार्यक्रम के अंतिम चरण में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। इस दौरान ऑलराउंडर अवार्ड, मोस्ट पॉपुलर अवार्ड और मोस्ट रेगुलर अवार्ड सहित विभिन्न पुरस्कार प्रदान किए गए। साथ ही विद्यालय के अलग-अलग हाउस को भी विभिन्न ट्रॉफियां दी गईं। मुख्य अतिथियों ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों और कार्यक्रम के सफल आयोजन की सराहना की। उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें विद्यार्थी जीवन के महत्व और बेहतर भविष्य के निर्माण के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य ने सभी अतिथियों, अभिभावकों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि को स्मृति चिह्न भेंट किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय की निदेशक श्रीमती सुनीता त्रिपाठी, उपप्रधानाचार्या श्रीमती कविता सनवाल, अतिथिगण, शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक और विद्यालय के कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन आयुषमान पचोलिया और नैना कुंजवाल ने किया।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement