देहरादून. उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में विधानसभा के पास स्थित मॉल में एक पूर्व सैनिक ने स्विगी के डिलीवरी बॉय के साथ मारपीट की. डिलीवरी बॉय जोगीवाला स्थित रिलायंस मॉल में एक ऑर्डर लेने पहुंचा था. वह मॉल में जाने के लिए तय रास्ते के बजाय दूसरे रास्ते से जाने लगा. इतने में वहां गार्ड की ड्यूटी में तैनात रिटायर्ड फौजी भड़क जाता है. वह उसे उस रास्ते से जाने पर गालियां देता है. थप्पड़ मारता है. डिलीवरी बॉय को जमीन पर गिराकर उसके पेट पर लात मारता है. वहां मौजूद किसी शख्स ने घटना का वीडियो बना लिया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. पुलिस ने वीडियो का संज्ञान लेते हुए आरोपी पूर्व सैनिक को गिरफ्तार कर लिया है.
मिली जानकारी के अनुसार, घटना सोमवार देर शाम की है. स्विगी का एक डिलीवरी बॉय रिलायंस मॉल में ऑर्डर लेने पहुंचा था. डिलीवरी बॉय के लिए मॉल में जाने के लिए तय रास्ता है. वह निर्धारित मार्ग से जाने के बजाय दूसरे रास्ते से अंदर जाने लगा. इसी बात पर वहां तैनात पूर्व सैनिक भड़क गया और उसने युवक को रोककर गाली-गलौज शुरू कर दी.
विवाद बढ़ने पर पूर्व सैनिक ने दो अन्य गार्ड को बुला लिया. वह लड़के को वहां से धक्का देने लगा. इस बीच उसने डिलीवरी बॉय को तीन थप्पड़ जड़ दिए. युवक का हेलमेट गिर गया. इसके बाद आरोपी ने उसे जमीन पर गिराकर पेट पर जोर से लात मारी. डिलीवरी बॉय आरोपी से माफी मांगते हुए वहां मौजूद लोगों से खुद को बचाने की गुहार लगाने लगा. कुछ युवकों ने बीच-बचाव किया. जिसके बाद पीड़ित अपनी बाइक से वहां से चला गया.
सोमवार रात पीड़ित पक्ष की ओर से थाने में कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई लेकिन सोशल मीडिया पर मारपीट का वीडियो वायरल होते ही नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस ने इसका संज्ञान लिया. थाना इंचार्ज देवेंद्र चौहान ने कहा कि वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की गई है. आरोपी पूर्व सैनिक के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है. पीड़ित डिलीवरी बॉय की पहचान का प्रयास किया जा रहा है.






