नैनीताल. नैनीताल की नैनीझील में मंगलवार को एक बार फिर एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया. पाषाण देवी मंदिर के समीप झील में एक शव उतराता देख स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही तल्लीताल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाकर शव को झील से बाहर निकाला.
शुरुआती जांच के दौरान मृतक की पहचान नहीं हो सकी. इसके बाद पुलिस ने आसपास के थानों से संपर्क कर गुमशुदगी और अन्य रिकॉर्ड खंगालने शुरू किए. घटनास्थल से एक बैग भी बरामद हुआ, जिसकी जांच के आधार पर मृतक की पहचान करने का प्रयास किया गया.
मल्लीताल निवासी है युवक
तल्लीताल थाने के उपनिरीक्षक सुनील कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को झील से बाहर निकाला गया. जांच के दौरान मृतक की पहचान 35 वर्षीय प्रकाश चंद्र आर्य, निवासी नैनीताल, के रूप में हुई.नइसके बाद शव को बी.डी. पांडे जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां इमरजेंसी में तैनात चिकित्सक डॉ. कोमल गुरुरानी ने परीक्षण के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है. युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा. पुलिस परिजनों से भी पूछताछ कर रही है और घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. हाल के दिनों में नैनी झील से शव मिलने की घटनाओं ने स्थानीय लोगों और प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है. पुलिस का कहना है कि मामले में जल्दबाजी में किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा जा सकता. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.