Uttarakhand News: नशा करते समय हुआ झगड़ा, ईंट से कर दी हत्या, 2 दोस्त गिरफ्तार

nainital news, ramnagar news, unfiltered Uttarakhand news, Uttarakhand news, ramnagar police

रामनगर. उत्तराखंड के नैनीताल जिले के रामनगर में 15 जनवरी को कॉर्बेट कॉलोनी निगम को जाने वाले रास्ते पर नहर किनारे एक युवक का शव खून से लथपथ मिला था. युवक की शिनाख्त समीर उर्फ लक्की (20) के तौर पर हुई थी. मृतक के भाई ने पुलिस को तहरीर दी थी. पुलिस ने हत्या के खुलासे के लिए चार टीम बनाईं. करीब 45 सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए. सर्विलांस की भी मदद ली गई. इस दौरान पुलिस को 20 साल का एक संदिग्ध मिल गया. संदिग्ध मृतक का दोस्त था. पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की. पहले तो वह पुलिस को गुमराह करता रहा लेकिन सख्ती से पूछताछ में वह टूट गया. युवक ने पुलिस को बताया कि उसने लक्की को ईंट से मारा था. इस मामले में एक और युवक को गिरफ्तार किया गया है. वह भी मृतक का दोस्त है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

मिली जानकारी के अनुसार, मुख्य आरोपी का नाम नजीर है. दूसरे गिरफ्तार युवक का नाम आशीष है. एसपी मनोज कुमार कत्याल ने बताया कि घटना वाली रात नशा करते समय लक्की और नजीर का झगड़ा हुआ था. दोनों को झगड़ता देख आशीष वहां से चला गया. इस दौरान लक्की ने नजीर को मुक्का मारा और नहर में धक्का दे दिया.

ईंट से सिर और चेहरे पर किए वार
जिसके बाद गुस्साए नजीर ने लक्की को नीचे गिरा दिया और ईंट से उसके सिर और चेहरे पर वार किया. उसके खून बहने लगा. खून देखकर नजीर वहां से भाग गया. उसने ईंट को वहीं झाड़ियों में फेंक दिया. आरोपी के कपड़ों पर भी खून लगा था, लिहाजा वह घर आया, अपने कपड़े बदले और उसने खून लगे कपड़े एक थैले में रखे और उन्हें कोसी नदी के किनारे फेंक आया.

ईंट और कपड़े बरामद
एसपी कत्याल ने बताया कि आरोपी नजीर की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल ईंट और कपड़े बरामद कर लिए गए हैं. आशीष पर झगड़े की सूचना पुलिस को न देने पर BNS की धारा 239 के तहत कार्रवाई की गई है. पुलिस ने मुख्य आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है. मामले की जांच की जा रही है.

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement