Nainital News: चोरी करने घुसा चोर, सामान नहीं मिला तो किचन में खोल ली शराब; नशे में सोता मिला

नैनीताल. होली के त्योहार के बीच सरोवर नगरी नैनीताल में एक अजीबोगरीब चोरी का मामला सामने आया है, जिसने लोगों को हैरान भी किया और हंसी का कारण भी बना दिया. शहर के अयारपाटा क्षेत्र में एक युवक रात के अंधेरे में चोरी के इरादे से एक होमस्टे में घुस गया, लेकिन उसकी चोरी आखिरकार नशे की पार्टी में बदल गई. जानकारी के अनुसार, रात करीब 12:30 बजे एक युवक ‘मिशन चोरी’ पर निकला और अयारपाटा स्थित एक होमस्टे का ताला तोड़कर अंदर घुस गया. युवक ने घर के अंदर पहुंचकर एक-एक कर सभी कमरों की तलाशी ली. उसने अलमारियां और दराज भी खंगालीं, लेकिन किस्मत उसके साथ नहीं थी और उसे कोई कीमती सामान हाथ नहीं लगा.

 

काफी देर तक तलाश करने के बाद युवक किचन में पहुंचा, जहां उसे शराब की एक बोतल दिखाई दी. बस फिर क्या था, चोरी का इरादा उसके दिमाग से पूरी तरह उतर गया. युवक ने वहीं गिलास में शराब डालकर आराम से पीना शुरू कर दिया. बताया जा रहा है कि उसने जमकर शराब पी और अकेले ही पार्टी कर डाली.

 

हिरासत में लिया गया युवक

नशा चढ़ने के बाद युवक होमस्टे के अंदर ही अचेत अवस्था में सो गया. सुबह जब होमस्टे के मालिक और कर्मचारी मौके पर पहुंचे तो दरवाजा खुला देखकर हैरान रह गए. अंदर जाकर देखा तो एक अनजान युवक गहरी नींद में सो रहा था. जब लोगों ने उसे जगाने की कोशिश की तो वह गाली-गलौज करने लगा. इसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी और युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में ले लिया.

 

नशे का आदि है युवक

मामले में पुलिस ने बताया कि पकड़ा गया युवक मल्लीताल क्षेत्र के स्ट्रॉबेरी लॉज का रहने वाला 33 वर्षीय राकेश कुमार है. पूछताछ में सामने आया कि वह बेरोजगार है और नशे का आदी भी है. पुलिस ने उसके खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत चालान करते हुए उसे नशा मुक्ति केंद्र भेज दिया है. यह अनोखा मामला पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग इसे होली का सबसे अजीब चोरी का किस्सा बता रहे हैं.

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement