उत्तराखंड में बड़ा प्रशासनिक उलटफेर: 18 IAS और 11 PCS अफसरों के तबादले, कुंभ और विकास पर सरकार की खास नजर

देहरादून. उत्तराखंड शासन में लंबे समय से जिस बड़े प्रशासनिक फेरबदल की चर्चा चल रही थी, वह आखिरकार सामने आ गया है. राज्य सरकार ने एक साथ 18 आईएएस और 11 पीसीएस अधिकारियों के तबादले कर उनकी जिम्मेदारियों में बड़े बदलाव किए हैं. सरकार का मानना है कि इस फैसले से प्रशासनिक कामकाज में तेजी आएगी और विभागों के बीच बेहतर तालमेल बन पाएगा.

तबादला सूची के अनुसार प्रमुख सचिव और सचिव स्तर पर कई अहम बदलाव किए गए हैं. प्रमुख सचिव मीनाक्षी सुंदरम से आवास विभाग का प्रभार वापस ले लिया गया है. वहीं सचिव शैलेश बगौली से पेयजल विभाग की जिम्मेदारी हटाई गई है. सरकार ने सचिन कुर्वे को स्वास्थ्य विभाग की नई जिम्मेदारी सौंपी है, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है. इसके अलावा दिलीप जावलकर से निदेशक ऑडिट का प्रभार हटाकर यह जिम्मेदारी वित्त सेवा के अधिकारी मनमोहन मनाली को दी गई है. सचिव बीवीआरसी पुरुषोत्तम से सहकारिता विभाग भी वापस ले लिया गया है.

 

मिली नई जिम्मेदारियां

 

आईएएस अधिकारियों के दायित्वों में भी बड़ा फेरबदल देखने को मिला है. आर. राजेश कुमार से स्वास्थ्य विभाग हटाकर उन्हें आवास विभाग सौंपा गया है. दीपेंद्र चौधरी से सचिवालय प्रशासन और आयुष विभाग की जिम्मेदारी वापस ले ली गई है. वहीं विनोद कुमार सुमन से सचिव सामान्य प्रशासन और परियोजना निदेशक यूडीआरपी का दायित्व हटाया गया है. रणवीर सिंह चौहान से आयुक्त खाद्य और राज्य संपत्ति का प्रभार वापस लेकर उन्हें सचिवालय प्रशासन की जिम्मेदारी दी गई है. इसके अलावा अहमद इकबाल को सहकारिता विभाग, रंजना राजगुरु को आयुष विभाग और आनंद स्वरूप को खाद्य विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है. देव कृष्ण तिवारी को नियोजन सचिव बनाया गया है. उमेश नारायण पांडे को पुनर्गठन और भाषा विभाग का दायित्व मिला है, जबकि राजेंद्र कुमार को सचिव सामान्य प्रशासन की जिम्मेदारी दी गई है. आईएएस अधिकारी अनामिका को फिलहाल बाध्य प्रतीक्षा में रखा गया है.

 

पीसीएस अधिकारियों के भी तबादले

 

पीसीएस अधिकारियों के तबादलों में भी बड़े बदलाव किए गए हैं. अरविंद पांडे को नैनीताल जिले का नया मुख्य विकास अधिकारी बनाया गया है. कुंभ मेले और फील्ड स्तर की तैयारियों को ध्यान में रखते हुए कई अधिकारियों को अहम जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं. आकाश जोशी को डिप्टी कलेक्टर हरिद्वार के साथ उप मेला अधिकारी कुंभ का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है. मनजीत सिंह को उप मेला अधिकारी कुंभ और राहुल शाह को डिप्टी कलेक्टर उधम सिंह नगर बनाया गया है. सरकार के इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल को प्रदेश की विकास योजनाओं और कुंभ जैसे बड़े आयोजनों की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है. प्रशासनिक सूत्रों का कहना है कि आने वाले दिनों में एक और तबादला सूची जारी हो सकती है, जिससे शासन और फील्ड स्तर पर और भी बदलाव देखने को मिल सकते हैं.

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement