‘हेलो पुलिस…मैंने अपनी पत्नी को मार डाला…’ अफेयर के शक में सिर पर मारी गोली

dehradun news, dehradun crime news

देहरादून. उत्तराखंड की राजधानी देहरादून सोमवार सुबह कत्ल की वारदात से दहल गई. एक पति ने अवैध संबंध के शक में पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी. आरोपी ने खुद पुलिस को फोन कर पत्नी की हत्या करने की बात बताई लेकिन इसके बाद उसने फोन ऑफ कर लिया. पुलिस ने मोबाइल नंबर की लोकेशन ट्रेस की और घटनास्थल पर पहुंची, जहां से महिला का शव बरामद किया गया. पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है. आरोपी पति की तलाश में कई पुलिस टीम जुटी हुई हैं.

मिली जानकारी के अनुसार, घटना देहरादून के क्लेमेनटाउन थाना क्षेत्र की है. मृतका का नाम काजल (27) है. आरोपी पति धीरज पंवार और काजल के बीच तलाक को लेकर विवाद चल रहा था. मृतका के भाई अभिषेक ने पुलिस को बताया कि कुछ साल पहले ही धीरज और काजल की शादी हुई थी. पिछले कुछ महीनों से उनके बीच कुछ ठीक नहीं था. उनके बीच तलाक को लेकर विवाद चल रहा था. दोनों देहरादून में अलग-अलग रहते थे. काजल क्लेमेनटाउन क्षेत्र के मित्तल लेन स्थित एक घर में केयरटेकर का काम करती थी.

अफेयर का शक
पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि धीरज को शक था कि काजल के दूसरे लोगों से संबंध हैं. काजल की बड़ी बहन का भी तलाक हो चुका है. आरोपी को डर था कि कहीं उसकी पत्नी भी उसे न छोड़ दे. सोमवार सुबह लगभग 6 बजे धीरज ने खुद पुलिस कंट्रोल रूम फोन किया और बताया कि उसने अपनी पत्नी को सिर पर गोली मार दी है. इसके बाद उसने अपना फोन स्विच ऑफ कर लिया. पुलिस ने मोबाइल नंबर की लोकेशन ट्रेस की और क्लेमेनटाउन में एक प्लॉट के अंदर बने रूम से काजल का शव बरामद किया.

यूपी की रहने वाली थी काजल
पुलिस ने बताया कि काजल मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर के पुरकाजी थाना क्षेत्र स्थित मेघा शकरपुर गांव की रहने वाली थी. वह इसी साल पति के साथ देहरादून आई थी. वे लोग ईदगाह रोड, सुभाष नगर इलाके में रह रहे थे. उसके भाई अभिषेक का घर पास में ही है. आरोपी धीरज भी मुजफ्फरनगर का रहने वाला है.

जल्द होगा गिरफ्तार
देहरादून सदर सीओ अंकित कंडारी ने कहा कि मृतका काजल के भाई ने अपने जीजा धीरज पर हत्या का आरोप लगाया है. दंपति के बीच पिछले कुछ दिनों से विवाद चल रहा था. केस दर्ज कर लिया गया है. आरोपी को पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है. जल्द उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement