काशीपुर. उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शनिवार को काशीपुर दौरे पर थे. वहां आयोजित युवा विद्यार्थी संवाद कार्यक्रम में उन्होंने स्टूडेंट्स से सीधा संवाद किया. कार्यक्रम में 17 स्कूलों के 1400 से ज्यादा बच्चों ने हिस्सा लिया था. इस दौरान छात्रों ने शिक्षा, रोजगार, साइबर अपराध, अग्निवीर और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) जैसे मुद्दों पर सीएम धामी से सवाल पूछे. मुख्यमंत्री ने बच्चों के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को पूरा करने के लिए युवाओं की भूमिका सबसे अहम है. युवाओं की सोच, उनके नए विचार और कुछ अलग करने की इच्छा प्रदेश के विकास को नई दिशा दे सकती है. उत्तराखंड के युवाओं के सपने छोटे नहीं हैं और सरकार की कोशिश है कि प्रतिभावान बच्चों को आगे बढ़ने के लिए हर मौका मिले.
सीएम धामी ने कहा कि हमारी सरकार शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक बनाने के साथ युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने की दिशा पर काम कर रही है. सरकारी स्कूलों में वर्चुअल क्लासरूम की सुविधा का लगातार विस्तार किया जा रहा है. प्रदेश में 189 अटल उत्कृष्ट विद्यालय चल रहे हैं और इनमें NCERT आधारित पाठ्यक्रम लागू किया गया है. उन्होंने कहा कि छात्राओं को नंदा गौरा योजना के माध्यम से आर्थिक सहायता दी जा रही है. देहरादून में देश की पांचवीं सबसे बड़ी साइंस सिटी विकसित की जा रही है. इसके अलावा स्कूलों में STEM लैब, विज्ञान और नवाचार से जुड़ी गतिविधियों और बाल विज्ञान कार्यक्रमों को लगातार बढ़ावा दिया जा रहा है.
रोजगार देने वाले बनें युवा
मुख्यमंत्री धामी ने आगे कहा कि राज्य सरकार चाहती है कि युवा केवल नौकरी तलाशने वाले न बनें बल्कि वे रोजगार देने वाले भी बनें. इसके लिए इनोवेशन, स्टार्टअप और अन्य जरूरतों के अनुसार कौशल विकास पर जोर दिया जा रहा है. युवाओं के सामने पढ़ाई और रोजगार के लिए अपना घर और पहाड़ छोड़ने की मजबूरी न हो, इसके लिए प्रदेश में स्थानीय स्तर पर अवसर पैदा करने की दिशा में काम किया जा रहा है. सीएम ने छात्रों से मेहनत, पढ़ाई और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की अपील की और पूर्व राष्ट्रपति डॉ एपीजे अब्दुल कलाम के जीवन से प्रेरणा लेने की बात कही.
छात्रों ने CM धामी से पूछे सवाल
कार्यक्रम में छात्रों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से अलग-अलग विषयों पर सवाल पूछे. बच्चों ने सीएम से युवा आयोग, अग्निवीर, पलायन, रोजगार, आधुनिक तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़े कई सवाल पूछे और हर सवाल का जवाब पाकर छात्र बेहद खुश नजर आए. सीएम धामी ने कहा कि अग्निवीरों के भविष्य के मद्देनजर अग्निवीर सेल का गठन किया जा रहा है. वहीं AI को उन्होंने चुनौती के साथ-साथ एक अवसर भी बताया और बच्चों से बदलती तकनीक के साथ खुद को अपडेट रखने की अपील की. कुछ बच्चों ने सीएम से साइबर अपराध और भ्रष्टाचार को लेकर सवाल किए, जिनके जवाब में उन्होंने कहा कि करप्शन के खिलाफ उनकी सरकार की नीति जीरो टॉलरेंस की है. भ्रष्टाचार से जुड़ी शिकायत टोल फ्री नंबर 1064 या संबंधित मोबाइल ऐप के माध्यम से की जा सकती है. शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखने की व्यवस्था है.
युवा विद्यार्थी संवाद कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने युवाओं से नशे से दूर रहने और अपने दोस्तों को भी इससे बचाने की अपील की. कार्यक्रम के दौरान कई छात्रों ने उत्तराखंड के विकास और युवाओं के भविष्य से जुड़े कुछ सुझाव भी दिए, सीएम ने जिनपर विचार करते हुए उन्हें अमल में लाने का भरोसा दिलाया.






