हरिद्वार. उत्तराखंड के हरिद्वार में चोरी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां एक किशोर अपने घर में चोरी करने लगा. उसने एक हफ्ते में करीब साढ़े चार लाख रुपये चुरा लिए. किशोर ने अपने स्कूल के दोस्तों के बीच पैसे बांट दिए. उन पैसों से उसके बेस्ट फ्रेंड ने आईफोन 16 खरीद लिया. स्कूल के बाद सभी दोस्त मिलकर पार्टी करते. उनके पास इतना कैश देख टीचर भी हैरान रह गए. छात्र से पूछताछ में जब चोरी का खुलासा हुआ, तो सभी के पैरों तले जमीन खिसक गई.
मिली जानकारी के अनुसार, मामला हरिद्वार जिले के रुड़की के खंजरपुर क्षेत्र का है. सरकारी स्कूल में 8वीं में पढ़ने वाला अमन (बदला हुआ नाम) अपने घर की अलमारी से रोज थोड़े-थोड़े पैसे चुराने लगा. ऐसा कर उसने एक हफ्ते में करीब साढ़े चार लाख रुपये साफ कर दिए. घरवालों ने कैश गिना नहीं, तो उनको चोरी का पता ही नहीं चला.
बैग में रखते थे कैश
अमन स्कूल जाकर दोस्तों को पैसे देता. सभी दोस्त मिलकर खाने-पीने पर खूब खर्च करते. सभी अपने बैग में कैश रखते थे. अमन के बेस्ट फ्रेंड ने उन्हीं पैसों से डेढ़ लाख रुपये कीमत का आईफोन 16 खरीद लिया. टीचर को जब इसकी जानकारी मिली, तो उन्होंने पता लगाने की कोशिश की कि बच्चों के पास इतना पैसा कहां से आया.
आईफोन स्कूल में जमा कराने के निर्देश
वहीं अमन के घरवालों को जब अलमारी से इतनी बड़ी रकम गायब मिली, तो उनके होश उड़ गए. अमन से सख्ती से पूछताछ में उसने सबकुछ बता दिया. परिजन फौरन स्कूल पहुंचे और टीचरों को पूरी बात बताई. शिक्षकों ने अमन के दोस्तों को बुलाया और पैसे वापस करने को कहा. उनमें से कुछ ने पैसे खर्च कर दिए थे, तो कुछ ने रकम लौटा दी. वहीं आईफोन खरीदने वाले छात्र को फोन स्कूल में जमा कराने के निर्देश दिए गए हैं. वहीं सभी छात्रों के अभिभावकों को स्कूल बुलाया गया है.






