नैनीताल. उत्तराखंड में अपराध की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं. बीते बुधवार राजधानी देहरादून में दिनदहाड़े एक गैस एजेंसी संचालक की गोली मारकर हत्या कर दी गई. इस घटना के महज 24 घंटे बाद नैनीताल जिले के हल्द्वानी शहर से भी दो लोगों के शव बरामद होने से सनसनी फैल गई है. जानकारी के मुताबिक हल्द्वानी के गल्ला मंडी परिसर में एक युवक और एक युवती के शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिले. सुबह मंडी क्षेत्र में लोगों की नजर जब खून से लथपथ पड़े दोनों शवों पर पड़ी तो इलाके में अफरा-तफरी मच गई और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई. देखते ही देखते मंडी परिसर में भारी भीड़ जमा हो गई और पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया.
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों की हत्या बेहद बेरहमी से की गई है. हत्यारों ने पत्थर से चेहरा कुचलकर वारदात को अंजाम दिया, जिससे उनकी पहचान छिपाने की आशंका जताई जा रही है. सूचना मिलते ही एसपी सिटी मनोज कत्याल, सीओ और स्थानीय कोतवाली पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और क्षेत्र को तुरंत घेर लिया गया. पुलिस ने आसपास की दुकानों और रास्तों को बंद कराते हुए साक्ष्य सुरक्षित करने की कार्रवाई शुरू कर दी.
पुलिस कर रही जांच
फोरेंसिक टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया है, जो खून के नमूने, पैरों के निशान और अन्य अहम सबूत जुटाने में लगी है. पुलिस मंडी परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि दोनों वहां कब और किन परिस्थितियों में पहुंचे. फिलहाल मृतकों की शिनाख्त नहीं हो पाई है, जिससे जांच और भी चुनौतीपूर्ण बन गई है. स्थानीय लोगों का कहना है कि मंडी परिसर रात में अपेक्षाकृत सुनसान रहता है, ऐसे में यहां दोहरे हत्याकांड की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. व्यापारी और आसपास रहने वाले लोग भी दहशत में हैं और पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग कर रहे हैं. वहीं इस पूरे मामले पर पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या के पीछे प्रेम-प्रसंग, आपसी रंजिश या लूट जैसे सभी एंगल से जांच की जा रही है. शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद कई अहम सुराग मिलने की उम्मीद है. फिलहाल पूरे जिले की नजरें पुलिस जांच पर टिकी हैं और लोग इस सनसनीखेज वारदात के जल्द खुलासे की उम्मीद कर रहे हैं.