नैनीताल. सरोवर नगरी नैनीताल में एक बार फिर चोरी की वारदात ने पुलिस की रात्रि गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. शहर के सबसे वीआईपी माने जाने वाले इलाके मल्लीताल स्थित नैनीताल क्लब गेट के सामने से एक अज्ञात चोर स्कूटी चोरी कर ले गया। हैरानी की बात यह है कि पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद होने के बावजूद अभी तक पुलिस चोर तक नहीं पहुंच पाई है.
मल्लीताल होटल कोरोनेशन में कार्यरत गिरीश चन्द्र ने बताया कि उन्होंने अपनी सफेद रंग की एक्टिवा स्कूटी (नंबर UK04Y-7398) होटल के सामने खड़ी की थी. विगत रात्रि करीब एक बजे सीसीटीवी फुटेज में एक युवक बाजार की ओर से आता हुआ दिखाई देता है. युवक पहले वहां खड़ी कई स्कूटियों में अपनी चाबी लगाकर उन्हें खोलने की कोशिश करता है, लेकिन असफल रहता है. इसके बाद वह गिरीश चन्द्र की स्कूटी तक पहुंचता है, जिसमें उसकी चाबी लग जाती है और वह स्कूटी लेकर मौके से फरार हो जाता है.
पुलिस की पहुंच से बाहर चोर
सीसीटीवी फुटेज के अनुसार चोर स्कूटी लेकर मन्नू महारानी होटल चौराहे से शेरवानी रोड की ओर मुड़ता है. इसके बाद स्कूटी मल्लीताल पुराने घोड़ा स्टैंड में बनी दोपहिया वाहन पार्किंग में भी दिखाई देती है, लेकिन इसके बाद उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया. पुलिस द्वारा स्कूटी को सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से ट्रेस किए जाने की बात कही जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है.
वीआईपी इलाके में बेखौफ चोर
शहर के वीआईपी चौराहे से सरेआम स्कूटी चोरी होने से स्थानीय लोगों में भारी रोष है. लोगों का कहना है कि चोरों के मन से पुलिस का डर पूरी तरह खत्म हो चुका है. उनका आरोप है कि रात्रि के समय पुलिस की नियमित गश्त न होने के कारण इस तरह की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं. स्थानीय नागरिकों का कहना है कि जब वीआईपी इलाके में, सीसीटीवी कैमरों की मौजूदगी के बावजूद चोरी की घटना को अंजाम दिया जा सकता है और पुलिस चोर को पकड़ने में नाकाम रहती है, तो आम इलाकों में लोगों और उनके वाहनों की सुरक्षा का क्या भरोसा. लोगों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने, सीसीटीवी निगरानी को और प्रभावी बनाने तथा जल्द से जल्द चोर की गिरफ्तारी की मांग की है.