Nainital News: नैनीताल में अस्पताल जा रही महिला और मासूम बच्चे को बाइक ने मारी टक्कर, चालक फरार

नैनीताल. शहर में तेज रफ्तार और लापरवाह वाहन चालकों का खतरा एक बार फिर सामने आया है. राजकीय बी.डी. पांडे जिला अस्पताल गेट के पास शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया. अपने छह माह के बच्चे को इलाज के लिए अस्पताल ले जा रही महिला को तेज रफ्तार बाइक सवार ने टक्कर मार दी. हादसे में महिला और बच्चा दोनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए, जबकि बाइक चालक मौके से फरार हो गया.

जानकारी के अनुसार तल्लीताल निवासी कविता शनिवार को अपने छह महीने के बच्चे को गोद में लेकर जिला अस्पताल पहुंची थीं. अस्पताल गेट के पास सड़क पार करते समय सामने से तेज गति में आ रही बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि महिला और बच्चा दोनों सड़क पर दूर जा गिरे. आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया और तुरंत लोग मदद के लिए दौड़े.

 

महिला को आई चोट, बाइक सवार फरार

 

हादसे में महिला के हाथ और पैर बुरी तरह छिल गए, जबकि गनीमत रही कि बच्चे को गंभीर चोट नहीं आई. मौके पर मौजूद लोगों ने महिला और बच्चे को संभाला और उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दोनों का उपचार किया गया. डॉक्टरों के अनुसार महिला को काफी चोटें आई हैं, लेकिन फिलहाल दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है.हादसे के बाद जब लोगों ने बाइक चालक को रोकने की कोशिश की, तो वह बाइक लेकर तेजी से मौके से फरार हो गया. इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी गई. लोगों का कहना है कि अस्पताल जैसे संवेदनशील इलाके में भी वाहन चालक तेज रफ्तार से वाहन चला रहे हैं, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं.

 

होगी सख्त कार्रवाई

उपचार के बाद पीड़ित महिला कविता ने तल्लीताल कोतवाली में अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है और सख्त कार्रवाई की मांग की है. मामले में कोतवाली के एसएसआई दिनेश जोशी ने बताया कि घटना स्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. जल्द ही बाइक चालक की पहचान कर उसे पकड़ लिया जाएगा. पुलिस का कहना है कि दोषी वाहन चालक के खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी. वहीं इस घटना ने एक बार फिर शहर में ट्रैफिक नियमों के पालन और अस्पताल क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत पर सवाल खड़े कर दिए हैं.

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement