नाबालिग लड़की ने ढाई महीने पहले की लव मैरिज, अब फंदे से लटका मिला शव, दहेज का एंगल?

Lalkuan News: मृतका रिया मजूमदार पिछले साल अक्टूबर में लालकुआं आ गई थी. उसने 24 अक्टूबर को परिजनों की मर्जी के खिलाफ जाकर नृपेंद्र विश्वास से शादी कर ली थी.

by Unfiltered Uttarakhand Desk
80 views

लालकुआं. उत्तराखंड के नैनीताल जिले के लालकुआं थाना क्षेत्र में एक नाबालिग नवविवाहिता का शव पंखे से लटका देख इलाके में हड़कंप मच गया. फंदा साड़ी से बनाया गया था. मृतका का नाम रिया मजूमदार (17) है. करीब ढाई महीने पहले उसने लव मैरिज की थी. शादी के बाद से वह अपनी ससुराल में रह रही थी. मृतका के परिजनों ने ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है. पुलिस की मौजूदगी में पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी कराई गई. पुलिस ससुराल पक्ष के लोगों से पूछताछ कर रही है.

मिली जानकारी के अनुसार, मामला लालकुआं की बंगाली कॉलोनी इलाके का है. मृतका का पति नृपेंद्र विश्वास मजदूरी करता है. पड़ोसियों ने बताया कि नृपेंद्र ने शाम करीब 6:30 बजे उनके पास आकर कहा कि रिया ने आत्महत्या कर ली है. उसका शव कमरे में पंखे से लटका हुआ है. उसने बताया कि रिया घर पर अकेली थी. उसकी मां लेबू विश्वास और बहन पूजा विश्वास शादी में शक्तिफार्म गए हुए थे.

सोशल मीडिया से हुई पहचान
मृतका के नाना विमल विश्वास ने बताया कि पिछले साल रिया की लालकुआं के बंगाली कॉलोनी निवासी नृपेंद्र विश्वास से सोशल मीडिया पर बातचीत शुरू हुई थी. उनकी दोस्ती हुई और फिर दोनों के बीच प्रेम प्रसंग हो गया. अक्टूबर में रिया लालकुआं आ गई और पिछले साल 24 अक्टूबर को उसने परिजनों की मर्जी के खिलाफ जाकर नृपेंद्र से शादी कर ली.

दहेज को लेकर ताने
उन्होंने आगे बताया कि रिया अक्सर अपनी मां और भाई आयुष को फोन करती थी. कुछ दिनों पहले रिया ने मां को बताया था कि ससुराल में उसे दहेज न लाने को लेकर ताने दिए जाते हैं. आयुष ने बताया कि रिया की डेट ऑफ बर्थ 6 अक्टूबर 2008 है. शादी के समय वह नाबालिग थी. उसने परिवार की रजामंदी के खिलाफ जाकर शादी की थी. पुलिस को इस मामले में गहनता से जांच करनी चाहिए. वहीं ससुराल पक्ष के अनुसार, उनकी ओर से दहेज को लेकर कभी कोई बात नहीं की गई. रिया ने अपने कमरे में साड़ी का फंदा बनाकर जान दे दी.

ससुराल पक्ष से पूछताछ
लालकुआं कोतवाली के एसएसआई दीपक बिष्ट ने कहा कि मृतका के पति और ससुराल पक्ष के लोगों से पूछताछ की जा रही है. सीओ दीपशिखा अग्रवाल ने कहा कि मृतका नाबालिग थी. पुलिस जब मौके पर पहुंची, तो घरवाले शव को फंदे से उतार चुके थे. पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है. उसमें मौत की असल वजह का पता चल सकेगा. उसी के आधार पर अग्रिम कार्यवाही की जाएगी.

You may also like

उत्तराखंड की हर छोटी-बड़ी खबर की कोरी तस्वीर से आपको रूबरू कराना ही ‘अनफिल्टर्ड उत्तराखंड’ का मकसद है. हम अपने पाठकों और दर्शकों तक निष्पक्ष और सटीक खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं. सही फैक्ट्स के साथ दुरुस्त रिपोर्टिंग के माध्यम से ही हम आपका भरोसा जीत और कायम रख सकते हैं. अपने साथ से हमारे इस छोटे से कदम को आगे बढ़ाने के लिए आपका अग्रिम धन्यवाद.

© 2026 – Unfiltered Uttarakhand.
Website Developed & Maintained by Shrnkify

Unfiltered Uttarakhand | उत्तराखंड की निष्पक्ष और सटीक ताज़ा खबरें
उत्तराखंड की हर छोटी-बड़ी खबर की कोरी तस्वीर। 'अनफिल्टर्ड उत्तराखंड' आपको देता है सही फैक्ट्स और दुरुस्त रिपोर्टिंग। निष्पक्ष समाचारों के लिए हमसे जुड़ें।