Nainital News: पिंक हुआ नैनीताल! मालरोड पर निकली कैंसर जागरूकता रैली, सैकड़ों लोगों ने दिया बड़ा संदेश

 

नैनीताल. स्तन कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से शनिवार को सरोवर नगरी नैनीताल में ‘पिंक’ संदेश गूंजा. आशा फाउंडेशन की ओर से आयोजित ब्रेस्ट कैंसर अवेयरनेस पिंक रैली में सैकड़ों लोगों ने हिस्सा लेकर महिलाओं को समय पर जांच, बचाव और उपचार के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया.

रैली में बिड़ला विद्या मंदिर, सेंट जेवियर्स, सेंट मैरी, लॉन्ग व्यू पब्लिक स्कूल और नर्सिंग के छात्र-छात्राओं समेत विभिन्न वर्गों के लोगों ने भाग लिया. सुबह आठ बजे डीएसए मैदान में प्रतिभागी एकत्र हुए. इसके बाद सुबह नौ बजे मुख्य अतिथि न्यायमूर्ति आलोक मेहरा, आईजी कुमाऊं निवेदिता कुकरेती और विधायक सरिता आर्या समेत अन्य अतिथियों ने फ्लैग ऑफ कर रैली का शुभारंभ किया.

महिलाओं को जागरूक करना उद्देश्य

रैली डीएसए मैदान से मालरोड होते हुए इंडिया होटल पहुंची और फिर वापस डीएसए मैदान में आकर संपन्न हुई. इस दौरान नैनीताल होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन की ओर से प्रतिभागियों के लिए जलपान की व्यवस्था की गई. आशा फाउंडेशन की अध्यक्ष आशा शर्मा ने कहा कि रैली का उद्देश्य महिलाओं और उनके परिवारों को स्तन कैंसर की समय पर पहचान, नियमित स्क्रीनिंग और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना है. उन्होंने कहा कि बीमारी की शुरुआती स्तर पर पहचान होने से समय पर उपचार संभव हो सकता है.

अक्टूबर को जागरूकता माह के रूप में मनाया जाता है

कार्यक्रम में डॉ. आनंद मिश्रा ने कहा कि अक्टूबर को स्तन कैंसर जागरूकता माह के रूप में मनाया जाता है. उन्होंने लोगों से बीमारी को लेकर फैले मिथकों से दूर रहने और समय पर जांच व चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की. उन्होंने महिलाओं को माह में एक बार स्वयं स्तन परीक्षण करने के प्रति भी जागरूक किया. कार्यक्रम में पालिकाध्यक्ष डॉ. सरस्वती खेतवाल, इतिहासकार प्रो. अजय रावत, सुषमा रावत, डॉ. स्मिता सिंह, डॉ. वाईएस भाकुनी, पीएमएस डॉ. द्रौपदी गर्ब्याल समेत कई लोग मौजूद रहे. मंच संचालन प्रो. ललित तिवारी, मीनाक्षी कीर्ति और दीपक कुमार ने किया.

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement