नैनीताल. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिवस के अवसर पर 17 सितंबर को नैनीताल जिले में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में जिले में 17 सितंबर से 18 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा. अभियान के तहत सेवा, सुशासन, स्वच्छता, स्वास्थ्य और जनजागरूकता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.
अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगी. जिलेभर में करीब एक लाख दीये जलाकर सामाजिक सहभागिता और सेवा का संदेश दिया जाएगा. वहीं नैनीताल की प्रसिद्ध नैनी झील 18 हजार दीयों से जगमगाएगी. अमृत सरोवरों, जन औषधि केंद्रों और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर भी दीप प्रज्वलन कार्यक्रम होंगे. जिलाधिकारी ललित मोहन रायल ने अभियान के सफल संचालन के लिए मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डेय को जनपद स्तरीय नोडल अधिकारी बनाया है. विभिन्न विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं.
विद्यार्थियों के लिए होंगी प्रतियोगिताएं
17 सितंबर से 18 अक्टूबर तक विद्यालयों और महाविद्यालयों में ‘मेरा सपनों का भारत’ विषय पर निबंध, चित्रकला, भाषण और पोस्टर प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी. इसके साथ ही विकसित भारत-2047 और केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं पर आधारित चित्र प्रदर्शनियां भी लगाई जाएंगी. ग्राम पंचायतों और शैक्षणिक संस्थानों में नुक्कड़ नाटक व सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए सरकारी योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यों की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाएगी. ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम में आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से पोषण, टीकाकरण, मातृ-शिशु स्वास्थ्य और बाल विकास को लेकर जागरूकता फैलाई जाएगी.
स्वास्थ्य शिविर से लेकर स्वच्छता अभियान तक
अभियान के दौरान तहसील और विकासखंड स्तर पर स्वास्थ्य एवं बहुउद्देशीय शिविर लगाए जाएंगे. पात्र लोगों को केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए लाभार्थी शिविर भी आयोजित होंगे. ‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत नागरिकों को स्वच्छता, वृक्षारोपण, रक्तदान और अन्य समाजोपयोगी गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया जाएगा. वहीं ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ के माध्यम से विकसित भारत-2047 के संकल्प का संदेश दिया जाएगा. 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के अवसर पर खादी और स्वदेशी अपनाने के साथ ‘वोकल फॉर लोकल’ को बढ़ावा दिया जाएगा. फिट इंडिया अभियान के तहत खेल प्रतियोगिताएं, योग और दौड़ जैसी गतिविधियां भी होंगी. प्रशासन ने सभी विभागों को कार्यक्रमों की प्रतिदिन रिपोर्ट, फोटो और वीडियो उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं.






