Nainital News: खुर्पाताल का चर्चित डायनेस्टी होटल सील, पीसीबी की बड़ी कार्रवाई से मचा हड़कंप

पीसीबी की जांच में होटल का सीवर ट्रीटमेंट प्लांट सही तरीके से काम नहीं करता पाया गया था. बीते वर्ष जांच के दौरान लिए गए सैंपल फेल होने पर विभाग ने होटल प्रबंधन को कारण बताओ नोटिस जारी किया था.

by Unfiltered Uttarakhand Desk
32 views

नैनीताल. उत्तराखंड के नैनीताल के पास खुर्पाताल क्षेत्र स्थित चर्चित डायनेस्टी होटल पर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (पीसीबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए होटल को सील कर दिया. होटल के सीवर ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) के मानकों पर खरा न उतरने और बार-बार सैंपल फेल होने के बाद विभाग ने होटल का बिजली कनेक्शन कटवा दिया और व्यवसायिक गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लगा दी. कार्रवाई के दौरान होटल प्रबंधन और अधिकारियों के बीच तीखी बहस भी देखने को मिली.

 

जानकारी के अनुसार पीसीबी की जांच में होटल का सीवर ट्रीटमेंट प्लांट सही तरीके से काम नहीं करता पाया गया था. बीते वर्ष जांच के दौरान लिए गए सैंपल फेल होने पर विभाग ने होटल प्रबंधन को कारण बताओ नोटिस जारी किया था. होटल की ओर से प्लांट दुरुस्त कराने का आश्वासन दिया गया, लेकिन बाद में लिए गए दोबारा सैंपल भी मानकों पर खरे नहीं उतरे. इसके बाद 28 अप्रैल को पीसीबी ने होटल के खिलाफ बंदी आदेश जारी कर दिया.

 

होटल हुआ सील

मंगलवार को पीसीबी हल्द्वानी के क्षेत्रीय अधिकारी अनुराग नेगी, तहसीलदार अक्षय भट्ट और अन्य विभागीय अधिकारियों की टीम होटल पहुंची. टीम ने होटल का विद्युत कनेक्शन कटवा दिया, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया. होटल डायरेक्टर सचिन गुप्ता ने अधिकारियों से बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की. उनका कहना था कि होटल में कर्मचारी और कुछ निजी फ्लैटों में लोग रह रहे हैं, जिन्हें पानी और अन्य आवश्यक सुविधाओं की जरूरत है. हालांकि अधिकारियों ने नियमों का हवाला देते हुए मांग ठुकरा दी और होटल के मुख्य गेट पर ताला लगाकर उसे सील कर दिया.

 

एकतरफा कार्यवाही के लगे आरोप

पीसीबी के अनुसार 50 कमरों वाले होटल में सभी व्यवसायिक गतिविधियां तत्काल प्रभाव से बंद कर दी गई हैं. वहीं होटल प्रबंधन ने विभाग पर बिना पर्याप्त समय दिए और एकतरफा कार्रवाई करने के आरोप लगाए हैं. सचिन गुप्ता का कहना है कि पिछले एक वर्ष में विभाग की ओर से कोई स्पष्ट पत्राचार नहीं किया गया और अचानक 48 घंटे की मोहलत देकर होटल बंद करा दिया गया. दूसरी ओर पीसीबी अधिकारियों का कहना है कि होटल प्रबंधन को पहले ही कई नोटिस जारी किए जा चुके थे और नियमों का उल्लंघन लगातार जारी था.

 

You may also like

उत्तराखंड की हर छोटी-बड़ी खबर की कोरी तस्वीर से आपको रूबरू कराना ही ‘अनफिल्टर्ड उत्तराखंड’ का मकसद है. हम अपने पाठकों और दर्शकों तक निष्पक्ष और सटीक खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं. सही फैक्ट्स के साथ दुरुस्त रिपोर्टिंग के माध्यम से ही हम आपका भरोसा जीत और कायम रख सकते हैं. अपने साथ से हमारे इस छोटे से कदम को आगे बढ़ाने के लिए आपका अग्रिम धन्यवाद.

© 2026 – Unfiltered Uttarakhand.
Website Developed & Maintained by Shrnkify

Unfiltered Uttarakhand | उत्तराखंड की निष्पक्ष और सटीक ताज़ा खबरें
उत्तराखंड की हर छोटी-बड़ी खबर की कोरी तस्वीर। 'अनफिल्टर्ड उत्तराखंड' आपको देता है सही फैक्ट्स और दुरुस्त रिपोर्टिंग। निष्पक्ष समाचारों के लिए हमसे जुड़ें।