मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मिले केदारनाथ धाम के रावल, CM ने लिया आशीर्वाद

Kedarnath dham kapaat open date, cm pushkar singh dhami, Kedarnath Rawal Bhimashankar ling, unfiltered Uttarakhand, Uttarakhand news

देहरादून. उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से गुरुवार को श्री केदारनाथ धाम के रावल श्री श्री श्री 1008 भीमाशंकर लिंग ने शिष्टाचार भेंट की और उन्हें आशीर्वाद प्रदान किया. इस अवसर पर रावल ने भगवान केदारनाथ की कृपा और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की. मुख्यमंत्री ने रावल श्री श्री श्री 1008 भीमाशंकर लिंग का स्वागत करते हुए केदारनाथ धाम में चल रहे पुनर्निर्माण एवं विकास कार्यों की जानकारी साझा की. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार तीर्थयात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है. उन्होंने आगामी यात्रा सीजन को सुगम और सुव्यवस्थित बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों का भी उल्लेख किया.

इस मुलाकात के दौरान केदारनाथ धाम की व्यवस्थाओं, यात्रा संचालन और श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए आवश्यक तैयारियों पर भी चर्चा हुई. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रावल से आशीर्वाद प्राप्त कर प्रदेश की प्रगति और जनकल्याण के लिए उनके मार्गदर्शन की अपेक्षा व्यक्त की.

22 अप्रैल से खुल रहे केदारनाथ धाम के कपाट
बताते चलें कि विश्व प्रसिद्ध श्री केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल को खोले जाएंगे. आगामी यात्रा के दौरान तीर्थयात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के मकसद से बुधवार को सोनप्रयाग में एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई थी. इसकी अध्यक्षता रुद्रप्रयाग की पुलिस अधीक्षक निहारिका तोमर ने की थी. बैठक में व्यापार मंडल, स्थानीय जनप्रतिनिधि, टैक्सी यूनियन, घोड़ा-खच्चर संघ और डंडी-कंडी यूनियन के पदाधिकारी शामिल हुए थे.

शत-प्रतिशत पूरा हुआ पुलिस सत्यापन
एसपी निहारिका तोमर ने कहा कि सोनप्रयाग और गौरीकुंड क्षेत्र में रह रहे बाहरी व्यक्तियों का पुलिस सत्यापन शत-प्रतिशत पूरा कर लिया गया है. धाम की यात्रा के दौरान व्यवसाय के लिए आने वाले नए लोगों का भी तत्काल सत्यापन किया जाएगा. उन्होंने सभी उपस्थित लोगों से अपील की कि वे अपने साथ काम करने वाले बाहरियों का पुलिस सत्यापन जरूर कराएं.

होटलों और दुकानों के बाहर लगेगी रेट लिस्ट
एसपी तोमर ने आगे कहा कि अवैध गतिविधियों और नशे के कारोबार में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने व्यापारियों को अपने प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे लगाने और यात्रियों की आईडी और डिटेल सुरक्षित रखने के निर्देश दिए हैं. यात्रियों के साथ अनावश्यक विवाद से बचने के लिए सभी होटलों और दुकानों पर सामग्री की रेट लिस्ट लगाने को भी कहा गया है.

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement