कोटद्वार/दिल्ली. उत्तराखंड के कोटद्वार की हालिया घटना से आप जरूर वाकिफ होंगे, जिसमें जिम संचालक दीपक कुमार नाम के एक युवक ने एक मुस्लिम दुकानदार का समर्थन करते हुए बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को वहां से जाने पर मजबूर कर दिया था. दीपक की उनसे जमकर कहासुनी हुई थी. दीपक ने कार्यकर्ताओं द्वारा नाम पूछे जाने पर खुद का नाम ‘मोहम्मद दीपक’ बताया था. जिसके बाद ‘मोहम्मद दीपक’ इंटरनेट पर छा गया था. लोग दीपक के समर्थन और विरोध दोनों में दिखे. कुछ दिन बाद बजरंग दल के सैकड़ों कार्यकर्ता दीपक के विरोध में कोटद्वार पहुंचे. दीपक के जिम को नुकसान पहुंचाया गया. पुलिस ने बामुश्किल मामले को शांत कराया. अब कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने दीपक कुमार से मुलाकात की है.
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने दीपक कुमार से मुलाकात की कुछ तस्वीरें अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स पर शेयर की हैं. उन्होंने लिखा, ‘हर इंसान, एक समान. यही है भारतीयता, यही है मोहब्बत की दुकान. उत्तराखंड के भाई ‘मोहम्मद दीपक’ से मुलाकात. एकता और साहस की ऐसी ही लौ हर भारतीय युवा में जलनी चाहिए.’
दीपक की जिम की मेंबरशिप लेंगे राहुल गांधी
राहुल गांधी से मुलाकात के बाद दीपक कुमार ने मीडिया से बात करते हुए कहा, ‘मुझे राहुल जी ने बुलाया था. उन्होंने मेरी फैमिली से बात की. मेरी वाइफ से बात की. जो भी कुछ ये मैटर हुआ है, उन्होंने मुझे समझाया है. मुझे तसल्ली दी है कि दीपक जी कोई दिक्कत वाली बात नहीं है. घबराने की जरूरत नहीं है. आपने कोई गलत काम नहीं किया है, आपने अच्छा काम किया है. मैं कोटद्वार आकर आपसे मिलूंगा, आपकी जिम की मेंबरशिप लूंगा.’
दुकान का नाम बदलने की मांग
बताते चलें कि बजरंग दल के कार्यकर्ता मुस्लिम दुकानदार पर दुकान का नाम बदलने का दबाव डाल रहे थे. दुकान का नाम बाबा मैचिंग सेंटर है. उनका कहना था कि यहां बाबा से मतलब सिद्धबली बाबा से है, लिहाजा उन्हें दुकान का नाम बदलना पड़ेगा. वहीं मौके पर पहुंचे दीपक कुमार से कहासुनी के बाद बजरंग दल के कार्यकर्ता वहां से चले गए थे. कहासुनी का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था.