नैनीताल. उत्तराखंड की सरोवर नगरी नैनीताल अब सिर्फ नैनी झील, ठंडी हवाओं और हरी-भरी पहाड़ियों तक सीमित नहीं रही. शहर को एक नई पहचान मिल रही है, यह पहचान है मां नयना देवी मंदिर कॉरिडोर का भव्य प्रवेश द्वार. दरअसल मानसखंड मंदिर माला मिशन के तहत तैयार किया जा रहा यह कॉरिडोर इन दिनों श्रद्धालुओं और पर्यटकों के बीच जबरदस्त आकर्षण का केंद्र बना हुआ है. खासतौर पर इसका शानदार गेट बेहद कम समय में नैनीताल का नया “Insta-Spot” बन गया है.
राजस्थानी पत्थरों से निर्मित इस प्रवेश द्वार की बारीक नक्काशी पहली ही नजर में लोगों को अपनी ओर खींच लेती है. पारंपरिक राजस्थानी स्थापत्य शैली में बने इस गेट पर धार्मिक प्रतीकों की सुंदर आकृतियां उकेरी गई हैं, जबकि लटकी घंटियां आध्यात्मिक वातावरण को और भी दिव्य बना देती हैं. मंदिर दर्शन को पहुंचने वाला लगभग हर श्रद्धालु यहां कुछ पल रुककर फोटो और वीडियो जरूर बनाता है.
तेजी से बढ़ रहा गेट का क्रेज
सोशल मीडिया पर भी इस गेट का क्रेज तेजी से बढ़ रहा है. इंस्टाग्राम और फेसबुक पर यहां की सेल्फी, रील्स और वीडियोज लगातार ट्रेंड कर रहे हैं दिल्ली से नैनीताल घूमने आई पर्यटक अंजली बताती हैं कि मंदिर जाने से पहले ही इस गेट ने उनका ध्यान खींच लिया उन्होंने कहा कि इस गेट की नक्काशी बहुत शानदार है, हमने यहां कई तस्वीरें और रील्स बनाई हैं, वहीं एक अन्य पर्यटक सिमरन ने बताया कि झील किनारे स्थित यह गेट पहली नजर में ही मन मोह लेता है और मंदिर परिसर में प्रवेश का दिव्य एहसास कराता है.
अर्थव्यवस्था को मिलेगी मजबूती
करीब 11 करोड़ रुपये की लागत से विकसित हो रही इस परियोजना में मंदिर परिसर का सौंदर्यीकरण, सुरक्षित रास्तों का निर्माण और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं का विस्तार शामिल है. स्थानीय लोगों का मानना है कि यह कॉरिडोर धार्मिक पर्यटन को नई दिशा देगा और शहर की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी. और मां नयना देवी कॉरिडोर का यह भव्य गेट आने वाले समय में शहर की नई पहचान बन सकता है.