नाबालिग लड़के ने रील के चक्कर में Thar से गिराया बैरिकेड…पुलिस ने पिता से मंगवाई माफी, देखें Video

लखनऊ. उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो में एक नाबालिग लड़का थार गाड़ी से स्टंट करता है और पुलिस के बैरिकेड को गिरा देता है. बैकग्राउंड में गाना (काम तुम्हारे सारे गुंडों वाले हैं…) भी नाबालिग की हरकतों से मैच करता हुआ बज रहा है. दरअसल नाबालिग लड़के द्वारा यह हरकत रील बनाने के लिए की गई थी लेकिन उसे इस रील के बदले लेने के देने पड़ जाएंगे, उसने सोचा न था. लड़के ने जैसे ही अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स पर वीडियो शेयर किया, वह वायरल हो गया. जहां कुछ यूजर्स उसके वीडियो को बढ़िया बता रहे थे, तो कुछ यूजर्स लखनऊ के नागरिकों की सुरक्षा को लेकर चिंता जता रहे थे.

मामला लखनऊ के गोमती नगर थाना क्षेत्र का है. मिली जानकारी के अनुसार, वीडियो गोमती नगर एक्सटेंशन इलाके की जी-20 रोड पर बनाया गया. पुलिस का बैरिकेड गिराने के बाद कार मरीन ड्राइव की ओर जाती दिखी. नाबालिग लड़का कार से निकलकर पोज देने लगा.

वायरल वीडियो पुलिस के संज्ञान में भी आया. जिसके बाद पुलिस ने वीडियो की जांच शुरू की और जल्द ही नाबालिग के बारे में पूरी जानकारी जुटा ली. लड़के के पिता को थाने बुलाया गया. कार को सीज किया गया और फिर पिता ध्रुव नारायण शुक्ला को पुलिस ने ऐसी समझाइश दी, जिसको लेकर पुलिस की तारीफ हो रही है.

बेटे के कृत्य के लिए हम शर्मिंदा हैं
लड़के के पिता ने इंस्पेक्टर के सामने कहा कि उनका बेटा 14 साल का है और वह हाईस्कूल में पढ़ता है. उसने थार गाड़ी से स्टंट करते हुए पुलिस का बैरिकेड गिराया है. उसने बहुत गंदा कृत्य किया है. इसके लिए हम शर्मिंदा हैं. भविष्य में वह इस तरह का कोई कृत्य नहीं करेगा, हम इसकी गारंटी लेते हैं. वह सभी अभिभावकों से कहना चाहते हैं कि वे अपने बच्चों पर ध्यान दें.

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement