Nainital News: नैनीताल में जश्न मातम में बदला: एक पल की चूक, खाई ने छीन ली 34 वर्षीय युवक की जिंदगी

नैनीताल. पर्यटन नगरी नैनीताल से एक दर्दनाक खबर सामने आई है, जहां एक पल की लापरवाही ने एक युवक की जान ले ली. पंगोट रोड स्थित किलबरी क्षेत्र में दोस्तों के साथ पार्टी मनाने गया 34 वर्षीय युवक पैर फिसलने से गहरी खाई में गिर गया. हादसा इतना अचानक हुआ कि कोई कुछ समझ पाता, उससे पहले ही युवक खाई में जा गिरा.

 

जानकारी के अनुसार, नैनीताल के स्टाफ हाउस क्षेत्र के 6–7 युवक शाम के समय पंगोट रोड की ओर पार्टी के लिए गए थे. सभी युवक किलबरी क्षेत्र में सड़क किनारे रुके हुए थे. इसी दौरान सात नंबर क्षेत्र निवासी भुवन कुमार (34 वर्ष) का अचानक संतुलन बिगड़ गया और उनका पैर फिसल गया. देखते ही देखते भुवन गहरी खाई में गिर गए. जिसे देख साथ मौजूद दोस्तों के होश उड़ गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई.

 

युवक की हुई मौत

 

घटना की सूचना मिलते ही नैनीताल पुलिस, एसडीआरएफ और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची. रेस्क्यू टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद रस्सियों की मदद से खाई में उतरकर युवक को बाहर निकाला. भुवन उस समय गंभीर रूप से घायल थे. उन्हें तत्काल जिला अस्पताल नैनीताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मॉर्चरी में रखवा दिया है. मामले की जांच की जा रही है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ. वहीं, जैसे ही घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को मिली, वे जिला अस्पताल पहुंचे. बेटे की मौत की खबर सुनते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. अस्पताल परिसर में माहौल गमगीन हो गया. यह हादसा एक बार फिर पहाड़ी इलाकों में सावधानी बरतने की जरूरत को दर्शाता है. नैनीताल जैसे पर्यटन क्षेत्र में सड़क किनारे और खाई वाले इलाकों में जरा सी असावधानी जानलेवा साबित हो सकती है. यह घटना न केवल एक युवक की जिंदगी छीन ले गई, बल्कि उसके परिवार के लिए भी कभी न भरने वाला घाव छोड़ गई है.

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement