नैनीताल. उत्तराखंड के नैनीताल के कृष्णापुर क्षेत्र में सड़क की मांग को लेकर जारी प्रयासों के बीच अब माँ नयना देवी नैनीताल व्यापार मंडल ने भी क्षेत्रवासियों की मांग का समर्थन किया है. व्यापार मंडल के अध्यक्ष पुनीत टंडन ने कहा कि कृष्णापुर के लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना शासन-प्रशासन की नैतिक जिम्मेदारी है. उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रशासन इस समस्या के समाधान के लिए जल्द से जल्द प्रभावी कदम उठाएगा, ताकि क्षेत्र के लोगों और उनके बच्चों को सुरक्षित व सुगम आवाजाही का रास्ता मिल सके.
व्यापार मंडल की ओर से 13 अक्टूबर को जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया कि कृष्णापुर के निवासियों की सड़क की मांग जायज है और इसे गंभीरता से लिया जाना चाहिए. क्षेत्र में प्राकृतिक नालों और बनिया नाले की संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए सड़क निर्माण की संभावनाओं पर विचार किया जाना जरूरी है. व्यापार मंडल ने कहा कि पर्यावरणीय परिस्थितियों का आकलन करते हुए जो भी व्यावहारिक विकल्प उपलब्ध हों, उनके आधार पर लोगों की समस्या का समाधान निकाला जाना चाहिए.
300 करोड़ खर्च होने के बाद भी सड़क की समस्या पर उठाए सवाल
पुनीत टंडन ने कहा कि किसी भी क्षेत्र में आवागमन का मार्ग उपलब्ध होना बुनियादी जरूरत है. उन्होंने परियोजना पर करीब 300 करोड़ रुपये खर्च होने के बावजूद क्षेत्रवासियों को हो रही परेशानियों पर चिंता जताई. उनका कहना है कि विकास कार्यों के बावजूद यदि लोगों को आवाजाही के लिए परेशानी उठानी पड़ रही है, तो यह गंभीर विषय है और इसका समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाना चाहिए.
बच्चों और स्थानीय लोगों को मिले बेहतर आवागमन की सुविधा
व्यापार मंडल ने कहा कि सड़क केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि स्थानीय लोगों की रोजमर्रा की जरूरतों से जुड़ा विषय है. इसका सीधा असर बच्चों की आवाजाही और क्षेत्रवासियों के दैनिक जीवन पर पड़ता है. ऐसे में शासन-प्रशासन को स्थानीय जरूरतों, प्राकृतिक नालों की संवेदनशीलता और उपलब्ध विकल्पों को ध्यान में रखते हुए जल्द समाधान तलाशना चाहिए. माँ नयना देवी नैनीताल व्यापार मंडल ने कृष्णापुर के निवासियों की मांग के प्रति समर्थन जताते हुए उम्मीद की है कि प्रशासन इस दिशा में गंभीरता से प्रयास करेगा और क्षेत्रवासियों को जल्द राहत मिलेगी.






