नैनीताल में फिर मिली अदालत को उड़ाने की धमकी: जज की ईमेल आईडी पर आया मैसेज, पुलिस-बम स्क्वॉड अलर्ट

नैनीताल. जिले में अदालत को बम से उड़ाने की धमकी का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि मंगलवार सुबह एक बार फिर जिला जज की आधिकारिक ईमेल आईडी पर धमकी भरा संदेश पहुंच गया. ईमेल में जज चैंबर के पास सुबह 11:15 बजे विस्फोट करने की चेतावनी दी गई, जिसके बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया.

 

जानकारी के अनुसार सुबह 7:11 बजे प्राप्त ईमेल में अदालत परिसर में आरडीएक्स और आईईडी लगाए जाने का दावा किया गया. संदेश में अदालत को दोपहर की नमाज से पहले खाली कराने की बात लिखी गई और सुरक्षा एजेंसियों को चुनौती देने जैसी भाषा का इस्तेमाल किया गया. मेल मिलते ही प्रशासन हरकत में आ गया और एहतियातन पूरे कोर्ट परिसर को खाली करा दिया गया.

 

सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

सूचना मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ता (बीडीडीएस), डॉग स्क्वॉड और खुफिया टीमें मौके पर पहुंचीं. कोर्ट परिसर, पार्किंग, रिकॉर्ड रूम और आसपास के संवेदनशील स्थानों पर सघन तलाशी अभियान चलाया गया. संदिग्ध वस्तुओं की जांच के लिए विशेष उपकरणों का इस्तेमाल किया गया, हालांकि समाचार लिखे जाने तक किसी भी विस्फोटक सामग्री की पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस अधिकारियों के अनुसार धमकी भरे ईमेल के स्रोत का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं. साइबर सेल को भी जांच में लगाया गया है और ईमेल भेजने वाले की पहचान के लिए तकनीकी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं. सुरक्षा के मद्देनजर अदालत परिसर और आसपास के क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है.

 

एक दिन पहले भी मिला था धमकी भरा ईमेल

गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले भी इसी तरह का धमकी भरा संदेश मिला था, जिसकी जांच अभी जारी है. लगातार मिल रहे ईमेल को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है. अधिकारियों ने आमजन से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें. फिलहाल अदालत परिसर में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और जांच एजेंसियां इस मामले को साइबर आतंक से जोड़कर भी जांच कर रही हैं. पुलिस का कहना है कि जल्द ही ईमेल भेजने वाले तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है.

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement