देहरादून. उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज (शुक्रवार) राज्य के पूर्व सीएम और महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से उनके देहरादून स्थित डिफेंस कॉलोनी स्थित आवास पर मुलाकात की. इस मौके पर सीएम धामी ने भगत सिंह कोश्यारी को देश के प्रतिष्ठित पद्म भूषण सम्मान के लिए चयनित किए जाने पर बधाई और शुभकामनाएं दीं. मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह सम्मान पूर्व सीएम के सार्वजनिक जीवन में किए गए दीर्घकालिक, समर्पित और राष्ट्रसेवा से परिपूर्ण योगदान का उचित सम्मान है.
सीएम धामी ने कहा कि भगत सिंह कोश्यारी ने उत्तराखंड आंदोलन से लेकर प्रदेश के गठन, प्रशासनिक नेतृत्व और संवैधानिक दायित्वों के निर्वहन तक हर भूमिका में राज्य और देश को सुदृढ़ दिशा देने का काम किया है. उनका जीवन जनसेवा, सादगी और राष्ट्रनिष्ठा का प्रेरणास्रोत रहा है.
उत्तराखंड ही नहीं पूरा देश गौरवान्वित
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आगे कहा कि भगत सिंह कोश्यारी को पद्म भूषण सम्मान मिलने से न सिर्फ उत्तराखंड बल्कि पूरा देश गौरवान्वित हुआ है. इस दौरान उन्होंने ईश्वर से कोश्यारी के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु जीवन की कामना की और उन्हें शॉल भेंट की.