नैनीताल. नगर पालिका नैनीताल एक बार फिर विवादों के घेरे में आ गई है. भाजपा के नगर महामंत्री हरीश सिंह राणा ने नगर पालिका प्रशासन पर शहर में अव्यवस्थाएं फैलाने और जनहित की अनदेखी करने के गंभीर आरोप लगाए हैं..राणा ने कहा कि नगर पालिका की कार्यप्रणाली से शहर की छवि खराब हो रही है और आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
हरीश सिंह राणा ने सबसे बड़ा आरोप मेट्रोपोल क्षेत्र को लेकर लगाया. उन्होंने कहा कि जिस स्थान पर पार्किंग निर्माण के लिए मुख्यमंत्री द्वारा स्वयं भूमि पूजन किया गया था, उसी जगह पर नगर पालिका ने कूड़े का ढेर लगवाकर उसे डंपिंग जोन में तब्दील कर दिया है. इससे न केवल क्षेत्र की सुंदरता नष्ट हुई है, बल्कि पर्यावरण और स्वच्छता पर भी गंभीर प्रभाव पड़ा है.
जिलाधिकारी से की शिकायत
राणा ने यह भी आरोप लगाया कि मेट्रोपोल क्षेत्र में अवैध निर्माण कर एक विशेष व्यक्ति को लीज पर दिया गया है. इस पूरे मामले की शिकायत उन्होंने जिलाधिकारी से की है और निष्पक्ष जांच की मांग की है. उनका कहना है कि नगर पालिका नियमों को ताक पर रखकर चुनिंदा लोगों को लाभ पहुंचा रही है. इसके साथ ही उन्होंने नगर पालिका पर शहर की सफाई और प्रकाश व्यवस्था की पूरी तरह उपेक्षा करने का आरोप लगाया. राणा के अनुसार, शहर में लगाए गए वाटर फिल्टर बिना लाइट के संचालित किए जा रहे हैं, जिससे लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है. रात के समय अंधेरे में इन फिल्टरों का उपयोग करना जोखिम भरा साबित हो सकता है.
आम नागरिकों पर पड़ रहा टोल का बोझ
भाजपा नेता ने नगर पालिका पर पार्किंग शुल्क और टोल का अतिरिक्त बोझ आम नागरिकों पर डालने का भी आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि शहर व आसपास के क्षेत्रों के लोगों को अनावश्यक आर्थिक दबाव झेलना पड़ रहा है. साथ ही पालिका पर अवैध कब्जों को बढ़ावा देने और खेल मैदान को लेकर असमंजस की स्थिति बनाए रखने के भी आरोप लगाए गए हैं. अंत में हरीश सिंह राणा ने उच्च अधिकारियों से मांग की है कि नगर पालिका के अधिकारियों से इन सभी मामलों पर जवाब तलब किया जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि नैनीताल की व्यवस्था और विश्वास दोनों बहाल हो सकें.