Mahashivratri 2026: चतुर्ग्रही योग में महाशिवरात्रि: 15 फरवरी को गूंजेगा ‘हर-हर महादेव’, उत्तराखंड में खास परंपराओं के साथ मनाया जाएगा पर्व

नैनीताल निवासी पंडित प्रकाश जोशी बताते हैं कि शास्त्रों में शिवरात्रि को तीन प्रमुख पवित्र रात्रियों महाशिवरात्रि, जन्माष्टमी और दीपावली में सबसे महत्वपूर्ण बताया गया है. मान्यता है कि इस दिन भगवान भोलेनाथ की आराधना करने से व्यक्ति के पापों का क्षय होता है और जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आता है.

by Unfiltered Uttarakhand Desk
28 views

नैनीताल. हिंदू धर्म के प्रमुख पर्वों में शामिल महाशिवरात्रि इस साल 15 फरवरी 2026, रविवार को मनाई जाएगी. ज्योतिषीय दृष्टि से इस बार का शिवरात्रि का पर्व बेहद खास माना जा रहा है, क्योंकि इस दिन कुंभ राशि में सूर्य, बुध, शुक्र और राहु के साथ चतुर्ग्रही योग बन रहा है. साथ ही सर्वार्थ सिद्धि योग भी प्रातः 6:55 बजे से शाम 7:48 बजे तक रहेगा, जिसे पूजा-अर्चना और शुभ कार्यों के लिए अत्यंत फलदायी माना जाता है.

नैनीताल निवासी पंडित प्रकाश जोशी बताते हैं कि शास्त्रों में शिवरात्रि को तीन प्रमुख पवित्र रात्रियों महाशिवरात्रि, जन्माष्टमी और दीपावली में सबसे महत्वपूर्ण बताया गया है. मान्यता है कि इस दिन भगवान भोलेनाथ की आराधना करने से व्यक्ति के पापों का क्षय होता है और जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आता है. चतुर्दशी तिथि शाम 5:05 बजे से प्रारंभ होगी, इसलिए रात्रि जागरण, रुद्राभिषेक और शिवलिंग पर जलाभिषेक का विशेष महत्व रहेगा. भक्त दूध, दही, घी, शहद और गंगाजल से अभिषेक कर 108 बेलपत्र अर्पित करते हैं.

 

कुमाऊं में विशेष परम्पराओं के साथ मनाया जाता है पर्व

पंडित प्रकाश जोशी बताते हैं कि महाशिवरात्रि से जुड़ी एक पौराणिक कथा में चित्रभानु नामक शिकारी का उल्लेख मिलता है. कहा जाता है कि अनजाने में उपवास, रात्रि जागरण और शिवलिंग पर बेलपत्र चढ़ाने से उसका हृदय परिवर्तित हो गया और उसे मोक्ष की प्राप्ति हुई. इस कथा के माध्यम से शिवभक्ति में करुणा और अहिंसा का संदेश दिया गया है. उन्होंने बताया कि देवभूमि उत्तराखंड, खासकर कुमाऊं क्षेत्र में यह पर्व विशेष परंपराओं के साथ मनाया जाता है. लोग जंगल से ‘तैड’ या ‘तरूड’ नामक कंद निकालकर उसे पकाकर भोलेनाथ को अर्पित करते हैं और प्रसाद के रूप में बांटते हैं. घरों में मिट्टी से पार्थिव शिवलिंग बनाकर 108 बेलपत्रों से पूजा की जाती है. पिथौरागढ़, गंगोलीहाट, जौलजीबी, धारचूला, मुक्तेश्वर और बेरीनाग सहित कई शिवालयों में मेले और शिव महोत्सव आयोजित होते हैं, जहां दूर-दूर से श्रद्धालु पहुंचते हैं. मान्यता है कि महाशिवरात्रि पर श्रद्धा से किया गया उपवास और पूजन ग्रहदोषों को भी शांत कर सकता है. भक्तों का विश्वास है कि भोलेनाथ की कृपा से जीवन की बाधाएं दूर होती हैं और मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं.

You may also like

उत्तराखंड की हर छोटी-बड़ी खबर की कोरी तस्वीर से आपको रूबरू कराना ही ‘अनफिल्टर्ड उत्तराखंड’ का मकसद है. हम अपने पाठकों और दर्शकों तक निष्पक्ष और सटीक खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं. सही फैक्ट्स के साथ दुरुस्त रिपोर्टिंग के माध्यम से ही हम आपका भरोसा जीत और कायम रख सकते हैं. अपने साथ से हमारे इस छोटे से कदम को आगे बढ़ाने के लिए आपका अग्रिम धन्यवाद.

© 2026 – Unfiltered Uttarakhand.
Website Developed & Maintained by Shrnkify

Unfiltered Uttarakhand | उत्तराखंड की निष्पक्ष और सटीक ताज़ा खबरें
उत्तराखंड की हर छोटी-बड़ी खबर की कोरी तस्वीर। 'अनफिल्टर्ड उत्तराखंड' आपको देता है सही फैक्ट्स और दुरुस्त रिपोर्टिंग। निष्पक्ष समाचारों के लिए हमसे जुड़ें।