देहरादून. उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी (Pushkar Singh Dhami) ने आज (मंगलवार) राजधानी देहरादून के हिमालयन कल्चरल सेंटर में आयोजित पहले ‘समान नागरिक संहिता दिवस’ कार्यक्रम को संबोधित किया. इस मौके पर यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) के निर्माण, क्रियान्वयन और पंजीकरण में अहम भूमिका निभाने वाले अधिकारियों और वीएलसी को सम्मानित किया गया.
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि 27 जनवरी 2025 को यूसीसी लागू होना उत्तराखंड राज्य के इतिहास का स्वर्णिम अध्याय है, जिससे सामाजिक न्याय, समानता और संवैधानिक मूल्यों को मजबूती मिली है. उन्होंने इसे महिला सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम बताया. सीएम ने कहा कि UCC से राज्य में कुप्रथाओं पर रोक लगी है और सभी नागरिकों को समान अधिकार मिले हैं.
यूसीसी सिर्फ घोषणा नहीं: मुख्यमंत्री धामी
मुख्यमंत्री धामी ने आगे कहा कि यूसीसी सिर्फ घोषणा नहीं बल्कि एक सफल क्रियान्वयन का उदाहरण है. बीते एक साल में लाखों आवेदन प्राप्त हुए हैं और ऑनलाइन पोर्टल और सीएससी के जरिए सेवाएं जनता तक पहुंच रही हैं. उन्होंने साफ किया कि समान नागरिक संहिता किसी धर्म के खिलाफ नहीं बल्कि समाज में समानता और समरसता स्थापित करने की कोशिश है.