देहरादून. उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में कुछ युवकों की मामूली कहासुनी हुई. बात इतनी बढ़ी कि कहासुनी ने खूनी झड़प का रूप ले लिया. दोनों गुटों में जमकर मारपीट हुई. इसमें कुछ युवकों को चोटें आई हैं. वहीं एक गुट जान बचाने के लिए थाने की ओर भागा. उन्होंने अपनी कार थाने में घुसा दी. वहीं दूसरे पक्ष की दबंगई थाने में भी कम नहीं हुई. पुलिसकर्मियों के सामने ही दबंग घायल युवकों को पीटने पर उतारू थे. इतना ही नहीं, उन्होंने पुलिस वालों को भी धमकाना शुरू कर दिया. पुलिस ने सख्ती से पेश आते हुए मामला शांत कराया. पुलिस जांच कर रही है.
मिली जानकारी के अनुसार, घटना देहरादून के सहसपुर थाना क्षेत्र की है. दोनों गुट चकराता से घूमकर लौट रहे थे. कुछ युवकों ने शराब पी हुई थी. इस दौरान उनके बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई. बात इस कदर बढ़ गई कि उनके बीच लात-घूंसे चलने लगे. कुछ युवकों के खून बहने लगा. जिसके बाद एक गुट ने जान बचाने के लिए अपनी एक्सयूवी 500 कार थाने के अंदर घुसा दी. गाड़ी पर बीजेपी का झंडा लगा हुआ था. उनकी कार को भी क्षतिग्रस्त किया हुआ था.
पुलिस पर रौब झाड़ने लगे दबंग
कुछ देर में दूसरा गुट भी थाने पहुंच गया और वे लोग थाने में भी जमकर हंगामा करने लगे. दबंग पुलिस पर रौब झाड़ने लगे. उन्होंने पुलिस वालों को भी धमकाना शुरू कर दिया. जिसके बाद पुलिस उनसे सख्ती से पेश आई और मामला शांत कराया. पुलिस मामले की जांच के बाद कार्रवाई की बात कह रही है.