नैनीताल. उत्तराखंड की सरोवर नगरी नैनीताल में हाल ही में हुई बर्फबारी ने पर्यटन गतिविधियों को एक बार फिर नई रफ्तार दे दी है. लंबे समय से सुस्त पड़े पर्यटन कारोबार को मौसम की मेहरबानी ने संजीवनी प्रदान की है. वीकेंड और अनुकूल मौसम के चलते देश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में पर्यटक नैनीताल पहुंच रहे हैं, जिससे शहर की रौनक लौट आई है.
इन दिनों नैनीताल का मौसम बेहद सुहावना बना हुआ है. हल्की धूप, ठंडी हवाएं और पहाड़ियों पर जमी हल्की बर्फ ने शहर को एक बार फिर पसंदीदा विंटर डेस्टिनेशन बना दिया है. हिमालय दर्शन क्षेत्र, स्नो व्यू प्वाइंट, पंगोट रोड और अन्य ऊंचाई वाले इलाकों में बीते दिनों बर्फबारी हुई थी, हालांकि अभी तक यह बर्फ काफी कम रह चुकी है. लेकिन पर्यटकों के लिए खास आकर्षण बनी हुई है. सुबह से ही सैलानी इन जगहों पर बर्फ के बीच तस्वीरें लेने और प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद उठाने पहुंच रहे हैं.
जमकर नैनीताल पहुंच रहे हैं पर्यटक
बीते दिनों हुई बर्फबारी के बाद नैनी झील के आसपास चहल-पहल बढ़ गई है. मॉल रोड पर रौनक लौट आई है और स्नो व्यू प्वाइंट पर पर्यटकों की भारी भीड़ देखी जा रही है. सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रही तस्वीरों और वीडियो ने भी नैनीताल को एक बार फिर पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बना दिया है. पर्यटकों की बढ़ती आमद का सीधा असर स्थानीय कारोबार पर पड़ा है. होटल, रेस्टोरेंट, टैक्सी यूनियन, नाव संचालन, घोड़ा संचालक और छोटे दुकानदारों के चेहरे लंबे समय बाद खिल उठे हैं. होटल बुकिंग में लगातार इजाफा हो रहा है और इस हफ्ते होटलों में काफी अच्छी बुकिंग हैं.
पर्यटकों को दोबारा बर्फबारी का है इंतजार
दिल्ली और गाजियाबाद से आए पर्यटकों का कहना है कि भले ही उन्होंने बर्फबारी होते हुए न देखा हो, लेकिन पहाड़ों पर जमी बर्फ और यहां की खूबसूरत वादियों ने उनका दिल जीत लिया है. दिल्ली से नैनीताल पहुंची खुशबू का कहना है कि उन्हें एक बार फिर से बर्फबारी का इंतजार है. घर से निकलते समय उन्होंने सोचा था कि नैनीताल में बर्फ मिलेगी, लेकिन ऊंचाई वाले इलाकों में थोड़ी बहुत बर्फ देखने को मिली है. अब नैनीताल का मौसम करवट ले रहा है. यहां काफी ठंड है, उम्मीद है कि उन्हें बर्फबारी देखने को मिलेगी. वहीं स्थानीय कारोबारियों का मानना है कि यदि मौसम इसी तरह अनुकूल रहा, तो आने वाले दिनों में भी पर्यटकों की संख्या बढ़ती रहेगी, जिससे पर्यटन सीजन और स्थानीय अर्थव्यवस्था दोनों को मजबूती मिले.