नैनीताल. सड़क हादसों पर अंकुश लगाने और वाहन चालकों को सुरक्षित ड्राइविंग के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से 16 जनवरी से 14 फरवरी तक मनाए जा रहे सड़क सुरक्षा माह के तहत गुरुवार को नैनीताल में विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया. एआरटीओ कार्यालय की ओर से मल्लीताल रिक्शा स्टैंड के समीप टैक्सी वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी दी गई और उनका सख्ती से पालन करने का आग्रह किया गया.
इस दौरान एआरटीओ जितेंद्र सिंहवाल ने टैक्सी चालकों को संबोधित करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा केवल नियमों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह यात्रियों और स्वयं चालकों की जिम्मेदारी से भी जुड़ी है. उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत स्कूलों, कॉलेजों, टैक्सी चालकों, वाहन मालिकों और आम लोगों को गोष्ठियों, प्रचार-प्रसार और जनसंपर्क अभियानों के माध्यम से जागरूक किया जा रहा है.
दुर्घटनाओं को रोकना है उद्देश्य
एआरटीओ ने बताया कि चौक बाजार, मल्लीताल और अन्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में जागरूकता रैलियां भी निकाली जा रही हैं, ताकि लोग यातायात नियमों को लेकर गंभीर हों. उन्होंने चालकों से अपील की कि वे अपने वाहनों की फिटनेस पर विशेष ध्यान दें, ओवरस्पीडिंग, शराब पीकर वाहन चलाने और बिना सीट बेल्ट या हेलमेट जैसे नियम उल्लंघन से बचें. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जागरूकता के साथ-साथ विभाग द्वारा समय-समय पर चेकिंग अभियान चलाए जा रहे हैं और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चलानी कार्रवाई भी की जा रही है. इसका उद्देश्य दंड देना नहीं, बल्कि दुर्घटनाओं को रोकना और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना है. इस मौके पर टीएसआई हरीश सिंह, सीपीयू से डीएस मेहरा, अन्य पुलिसकर्मी और बड़ी संख्या में टैक्सी चालक मौजूद रहे. टैक्सी चालकों ने भी सड़क सुरक्षा नियमों के पालन का संकल्प लिया और प्रशासन के इस अभियान की सराहना की.