नैनीताल. अंतरराष्ट्रीय AI समिट 2026 को लेकर उत्तराखंड की सरोवर नगरी नैनीताल में सियासत तेज हो गई है. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नैनीताल मंडल ने रविवार को मल्लीताल स्थित पंत पार्क में कांग्रेस और राहुल गांधी के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए पुतला दहन किया. प्रदर्शन का नेतृत्व मंडल अध्यक्ष नितिन कार्की ने किया.
भाजपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं द्वारा AI समिट के दौरान किए गए विरोध प्रदर्शन से देश की छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई है. इसी को लेकर भाजपा कार्यकर्ता आक्रोशित नजर आए और उन्होंने नारेबाजी करते हुए विरोध दर्ज कराया.
देश को बदनाम करने की कोशिश
मंडल अध्यक्ष नितिन कार्की ने कहा कि भारत में आयोजित अंतरराष्ट्रीय AI समिट 2026 देश के इंजीनियरों, डेवलपर्स और तकनीकी विशेषज्ञों के लिए एक बड़ा मंच है, जहां भारत अपनी तकनीकी क्षमता दुनिया के सामने प्रदर्शित कर रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी संकीर्ण राजनीतिक सोच के कारण इस आयोजन को बदनाम करने की कोशिश कर रही है. उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा देशविरोधी गतिविधियों का विरोध करती है और इसी क्रम में पुतला दहन कर विरोध जताया गया. प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस और राहुल गांधी के खिलाफ नारे लगाए और केंद्र सरकार की तकनीकी पहल का समर्थन किया. कार्यक्रम में पूर्व मंडल अध्यक्ष आनंद बिष्ट, मंडी परिषद सलाहकार मनोज जोशी, विक्रम राठौर, आयुष भंडारी, विकास जोशी, भरत महरा, हेमंत बेदी, अमिता साह, रेखा जोशी, शैलेंद्र बरगली, विक्रम रावत, संतोष कुमार, मनोज पवार और नीरज साह समेत कई भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे.