ज्योति अधिकारी को नैनीताल हाईकोर्ट से राहत, 5 मामलों में गिरफ्तारी पर रोक

Nainital News: हल्द्वानी निवासी इंफ्लूएंसर ज्योति अधिकारी को हाईकोर्ट से बड़ी राहत मिली है. कोर्ट ने पांच मामलों में उनकी गिरफ्तारी पर रोक लगाई है.

by Unfiltered Uttarakhand Desk
51 views

नैनीताल. उत्तराखंड की इंफ्लूएंसर ज्योति अधिकारी को नैनीताल हाईकोर्ट से राहत मिली है. हाईकोर्ट ने पांच मामलों में उनकी गिरफ्तारी पर रोक लगाई है. अदालत ने ज्योति अधिकारी को आदेश दिया है कि वह केस से संबंधित वीडियो को अपने सोशल अकाउंट्स से हटाएं और जांच में सहयोग करें. वहीं कोर्ट ने सरकार को नोटिस जारी कर तीन हफ्तों में जवाब दाखिल करने के निर्देश दिए हैं. ज्योति अधिकारी पर अलग-अलग जिलों में कुल 7 मुकदमे दर्ज हैं. दो मामलों में उन्हें 6 दिन जेल में भी रहना पड़ा था.

ज्योति के वकील सौरभ अधिकारी ने कहा कि ज्योति अधिकारी के खिलाफ 7 FIR दर्ज हुई हैं. दो केस में वह 6 दिन जेल में रहीं. उन मामलों में उन्हें हल्द्वानी कोर्ट से जमानत मिली. हमने उच्च न्यायालय में पांच याचिकाएं दाखिल की थीं. याचिकाएं उनकी गिरफ्तारी पर रोक को लेकर फाइल की गई थीं. हाईकोर्ट ने हमें और सरकार के अधिवक्ता को सुना और इसके बाद हमें स्टे मिल गया. कोर्ट ने सरकारी वकील को तीन हफ्ते में जवाब दाखिल करने के निर्देश दिए हैं.

क्या है मामला?
ज्योति अधिकारी पर सार्वजनिक स्थान पर दरांती लहराने को लेकर आर्म्स एक्ट में केस दर्ज किया गया है. वहीं देवी-देवताओं का अपमान करते हुए धार्मिक भावनाओं को आहत करने के मामले में भी उनपर केस दर्ज हुए हैं. जूही चुफाल नाम की महिला ने ज्योति के खिलाफ हल्द्वानी के मुखानी थाने में मुकदमा दर्ज कराया था. इसी मामले में उनसे कई घंटों तक पूछताछ की गई और फिर गिरफ्तार कर रात में ही उन्हें कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया था. इस केस में उन्हें हल्द्वानी कोर्ट से जमानत मिल गई थी लेकिन खटीमा में दर्ज मामले के चलते उनकी रिहाई नहीं हो पाई थी. ज्योति की गिरफ्तारी को लेकर सोशल मीडिया दो धड़े में बंटता हुआ नजर आया था. एक वर्ग उन्हें गिरफ्तार किए जाने का विरोध जता रहा था, तो दूसरा वर्ग ज्योति की गिरफ्तारी को सही बता रहा था.

You may also like

उत्तराखंड की हर छोटी-बड़ी खबर की कोरी तस्वीर से आपको रूबरू कराना ही ‘अनफिल्टर्ड उत्तराखंड’ का मकसद है. हम अपने पाठकों और दर्शकों तक निष्पक्ष और सटीक खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं. सही फैक्ट्स के साथ दुरुस्त रिपोर्टिंग के माध्यम से ही हम आपका भरोसा जीत और कायम रख सकते हैं. अपने साथ से हमारे इस छोटे से कदम को आगे बढ़ाने के लिए आपका अग्रिम धन्यवाद.

© 2026 – Unfiltered Uttarakhand.
Website Developed & Maintained by Shrnkify

Unfiltered Uttarakhand | उत्तराखंड की निष्पक्ष और सटीक ताज़ा खबरें
उत्तराखंड की हर छोटी-बड़ी खबर की कोरी तस्वीर। 'अनफिल्टर्ड उत्तराखंड' आपको देता है सही फैक्ट्स और दुरुस्त रिपोर्टिंग। निष्पक्ष समाचारों के लिए हमसे जुड़ें।