हरिद्वार. उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में हुए एक ब्लाइंड मर्डर केस का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. वह मिस्टर उत्तराखंड रह चुका है. घटना रुड़की के मंगलौर क्षेत्र में नहर पटरी मार्ग की है. 20 हजार रुपये के लालच में आरोपी ने अपने ही परिचित की पत्थर से वार कर हत्या कर दी थी. हरिद्वार के एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने घटना का खुलासा करते हुए कहा कि ब्लाइंड मर्डर के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. उसके कब्जे से हत्या में इस्तेमाल किया गया पत्थर, लूटी गई 20 हजार रुपये की नकदी और खून से सनी जैकेट को बरामद कर लिया गया है. मामले की जांच जारी है.
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने कहा कि 17 फरवरी को मंगलौर नहर पटरी मार्ग पर पुराने पीर के पास एक पुरुष का शव मिला था. मौके पर पहुंची पुलिस को मृतक के सिर पर गहरी चोट के निशान मिले थे. शव की शिनाख्त मंगलौर निवासी प्रदीप के रूप में हुई थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच तेज की और सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों के खंगालने के साथ-साथ संदिग्धों से गहन पूछताछ की. जांच में खुलासा हुआ कि हत्या से कुछ घंटे पहले प्रदीप की ज्वालापुर के रहने वाले आरोपी विनायक त्यागी से मुलाकात हुई थी. विनायक को शराब की लत थी. उसे मालूम चला कि प्रदीप के पास 20 हजार रुपये हैं. पैसों के लालच में उसने प्रदीप को शराब पिलाई.
मिस्टर उत्तराखंड रह चुका है आरोपी
पुलिस के अनुसार, शराब के नशे में होने के बाद विनायक ने पहले प्रदीप का गला दबाकर उसे गिराया, इसके बाद पत्थर से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी. कत्ल के बाद वह 20 हजार रुपये लेकर मौके से फरार हो गया. पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल पत्थर, खून से सनी जैकेट और लूटी गई रकम बरामद कर ली है. पुलिस के अनुसार, आरोपी विनायक त्यागी साल 2019 में मिस्टर उत्तराखंड रह चुका है. मामले की जांच की जा रही है.