मजदूर को भेजा 7 करोड़ का इनकम टैक्स नोटिस, उसने 6 साल पहले की थी ये गलती

Ajab Gajab News: हरदोई के एक मजदूर के पैरों तले जमीन खिसक गई. आयकर विभाग ने उसे 7 करोड़ से ज्यादा के बकाये का नोटिस जारी किया है.

by Unfiltered Uttarakhand Desk
112 views

हरदोई. उत्तर प्रदेश के हरदोई जनपद से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. थाना माधौगंज के रुदामऊ गांव में रहने वाले एक मजदूर के घर जब इनकम टैक्स डिपार्टमेंट की टीम पहुंची, तो पूरे गांव में हड़कंप मच गया. विभाग ने गोविंद नाम के मजदूर को 7 करोड़ 15 लाख रुपये का टैक्स बकाया होने का नोटिस थमा दिया. मजदूर को मिले करोड़ों के टैक्स नोटिस की खबर इलाके में आग की तरह फैली और हर कोई यह सुन सन्न रह गया. गोविंद का परिवार काफी गरीबी में जीवन-यापन कर रहा है. उसकी पत्नी सोनी देवी और बुजुर्ग माता-पिता इस सदमे में हैं कि आखिर जिस व्यक्ति ने कभी एक साथ एक लाख रुपये नहीं देखे, वह करोड़ों रुपये का टैक्स कैसे भरेगा.

मिली जानकारी के अनुसार, गोविंद 6 साल पहले काम की तलाश में कानपुर गया था. वहां वह एक गुटखा बनाने वाली फैक्ट्री में मजदूरी करने लगा. इसी दौरान उसे कुछ पैसों का लालच दिया गया. गरीबी रेखा से नीचे जीवन-यापन करने वालों को सरकारी आर्थिक सहायता दिलाने के नाम पर एक महिला ने उसे अपने जाल में फंसा लिया. वह महिला उसे सीतापुर के बिसवां ले गई, जहां एक प्राइवेट बैंक में उसका अकाउंट खुलवाया गया. इसके बदले में गोविंद को केवल 2-3 हजार रुपये मिले.

जालसाजों को सौंप दी पासबुक और चेकबुक
कुछ समय बाद गोविंद कानपुर से अपने घर लौट आया. वह तो इस बात को भूल चुका था लेकिन उसे मालूम नहीं था कि जिस बैंक अकाउंट की पासबुक और चेकबुक उसने दूसरों को सौंप दी है, वो आने वाले वक्त में उसके लिए मुसीबत बन जाएगी.

फर्जी फर्म से करोड़ों का फर्जीवाड़ा
आशंका जताई जा रही है कि जालसाजों ने गोविंद के नाम पर फर्जी फर्म बनाई और करोड़ों का ट्रांजैक्शन किया. इस तरह उन्होंने गरीब मजदूर को फंसा दिया. इनकम टैक्स विभाग के इस नोटिस ने गोविंद और उसके परिवार की रातों की नींद छीन ली है. उसका बड़ा भाई रेहड़ी लगाता है और छोटा भाई भी मजदूरी करता है. करोड़ों रुपये के इस नोटिस ने पूरे परिवार को सकते में डाल दिया है. उनकी समझ नहीं आ रहा कि वह इतने पैसे कैसे भरेंगे.

You may also like

उत्तराखंड की हर छोटी-बड़ी खबर की कोरी तस्वीर से आपको रूबरू कराना ही ‘अनफिल्टर्ड उत्तराखंड’ का मकसद है. हम अपने पाठकों और दर्शकों तक निष्पक्ष और सटीक खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं. सही फैक्ट्स के साथ दुरुस्त रिपोर्टिंग के माध्यम से ही हम आपका भरोसा जीत और कायम रख सकते हैं. अपने साथ से हमारे इस छोटे से कदम को आगे बढ़ाने के लिए आपका अग्रिम धन्यवाद.

© 2026 – Unfiltered Uttarakhand.
Website Developed & Maintained by Shrnkify

Unfiltered Uttarakhand | उत्तराखंड की निष्पक्ष और सटीक ताज़ा खबरें
उत्तराखंड की हर छोटी-बड़ी खबर की कोरी तस्वीर। 'अनफिल्टर्ड उत्तराखंड' आपको देता है सही फैक्ट्स और दुरुस्त रिपोर्टिंग। निष्पक्ष समाचारों के लिए हमसे जुड़ें।